
-जिलाध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने निगम का किया स्वागत
-बोले-जनसमस्याओं के हल के लिए जारी रहेगा हल्लाबोल
द बीट्स न्यूज
मोगा। शहर की बस्ती गोविंदगढ़ में वार्ड नंबर 4 और 5 को जाने वाली मुख्य सड़क पर लंबे समय से लगे कचरे के ढेर को नगर निगम द्वारा साफ करवाए जाने के फैसले का भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने स्वागत किया है। गौरतलब है कि बस्ती गोविंदगढ़ स्थित ग्लोरियस स्कूल से महज 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे कचरे का विशाल ढेर लगा हुआ था। इस रास्ते से शहर के कई स्कूलों के हजारों बच्चे प्रतिदिन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर जमा कचरा न केवल क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था, बल्कि स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय था। इस समस्या को लेकर डॉ. हरजोत कमल के दिशा-निर्देशन में एक दिन पहले ही मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल सफाई करवाने की मांग उठाई थी। भाजपा के इस प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और आज पूरी सड़क से कचरे के ढेर को हटाकर सफाई करवा दी गई। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी का हल्ला बोल अभियान पूरे शहर में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में सफाई, सीवरेज, सड़क, पेयजल या किसी अन्य प्रकार की समस्या है तो वे भाजपा को इसकी जानकारी दें, ताकि संबंधित समस्या को लेकर प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जा सके और उसके समाधान के लिए अभियान चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता की आवाज बनकर उनकी मुश्किलों को दूर करवाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी। जनता की समस्याओं को उठाना, प्रशासन को जवाबदेह बनाना और लोगों को राहत दिलाना ही भारतीय जनता पार्टी का मुख्य लक्ष्य है।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
