10.3 C
New York
Sunday, Mar 22, 2026
The Beats
Image default
NEWS

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज मोगा में


पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जन्मस्थली पर करेंगे श्रद्धासुमन भेंट
द बीट्स न्यूज
मोगा। पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जयंती (28 जनवरी) से पूर्व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के मोगा जिले के डुढीके गांव स्थित पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जन्मस्थली पर 17 जनवरी को पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय के राष्ट्र के प्रति अतुलनीय बलिदान और योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से भाजपा देश और प्रदेश के सामने यह संदेश देना चाहती है कि लाला लाजपत राय जैसे महान क्रांतिकारी और राष्ट्रभक्त के योगदान को लंबे समय तक अपेक्षित सम्मान और महत्व नहीं मिल पाया।
डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि लाला लाजपत राय न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। इसके बावजूद उनकी जन्मस्थली और स्मारक स्थलों की वर्षों तक उपेक्षा होती रही, जिसे भाजपा गंभीरता से लेकर सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की योजना है कि लाला लाजपत राय की जन्मस्थली को केंद्र सरकार की सहायता से एक प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए। इस संबंध में भारत सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि देशभर से लोग यहां आकर न केवल लाला लाजपत राय के जीवन और विचारों से परिचित हों, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गदर आंदोलन और गदरी बाबाओं के गौरवशाली इतिहास को भी समझ सकें।
डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि इस पहल से युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियां अपने महान नायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नायब सिंह सैनी का यह दौरा लाला लाजपत राय की स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
——-
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Related posts

प्रिल्यूड में ‘अतुल्य भारत एक्सप्रेस’ विविधता के रंग लिए बुलेट की रफ्तार से दौड़ी

The Beats

जिला परिषद व ब्लॉक समितियों के चुनाव में 47.3 प्रतिशत मतदान

The Beats

पंजाब के लोगों के सपनों को तोड़ने वाला है एनओसी की दरों में बढ़ोत्तरी का फैसला:डॉ.हरजोत

The Beats

Leave a Comment