
प्रदेश अध्यक्ष स्वरूप चंद सिंगला ने माला पहनाकर पद से नवाजा
अग्रवाल सभा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए वचनबद्ध – नवीन सिंगला
द बीट्स न्यूज
मोगा सहित समूची अग्रवाल बिरादरी में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब मोगा की प्रसिद्ध धार्मिक शख्सियत, समाजसेवी एवं अग्रवाल समाज के सक्रिय चेहरा नवीन सिंगला को अग्रवाल सभा पंजाब का सीनियर उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति अग्रवाल सभा पंजाब की स्थानीय पार्क रीजेंसी, मोगा में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान की गई।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष स्वरूप चंद सिंगला तथा प्रदेश प्रभारी सुरेश गुप्ता ने नवीन सिंगला को मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और सभा की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
बैठक में अग्रवाल सभा मोगा के जिला डायरेक्टर डॉ. सीमांत गर्ग, जिला कोऑर्डिनेटर हर्ष गोयल, महासचिव राम पाल गुप्ता, पार्षद भरत गुप्ता, ऑर्गेनाइजर दिनेश बांसल, सेक्रेटरी विकास बांसल, ज्वाइंट सेक्रेटरी अमित सिंगला, अतुल बांसल, हुक्म चंद अग्रवाल, अरुण सिंगला, राजिंदर पप्पी, कश्मीरी लाल जिंदल, संजीव अग्रवाल, विनय जिंदल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष स्वरूप चंद सिंगला ने नवीन सिंगला को बधाई देते हुए कहा कि उनके अग्रवाल सभा पंजाब के साथ जुड़ने से सभा को एक नई दिशा, नई ऊर्जा और नई ऊंचाई प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नवीन सिंगला अपने सामाजिक अनुभव, धार्मिक सेवाओं एवं जनसंपर्क क्षमता के बल पर पंजाब भर में सभा के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगे।
नवीन सिंगला ने इस सम्मानजनक नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष स्वरूप चंद सिंगला, प्रदेश प्रभारी सुरेश गुप्ता एवं समूची अग्रवाल सभा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभा ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वह पूरी मेहनत, ईमानदारी और तनदेही के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाओं, सिद्धांतों और उनके बताए सेवा एवं एकता के मार्ग पर चलते हुए अग्रवाल सभा निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब भर के अग्रवाल बंधुओं का एक विशाल सम्मेलन आगामी 18 अक्तूबर को मोगा की पावन धरती पर आयोजित किया जाएगा, जिसे ऐतिहासिक और सफलतम बनाने के लिए अग्रवाल सभा कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इस सम्मेलन के माध्यम से पंजाब के कोने-कोने से अग्रवाल समाज को एक मंच पर एकत्रित किया जाएगा।
नवीन सिंगला ने कहा कि अग्रवाल सभा के यूथ विंग और महिला विंग को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा तथा जल्द ही एक विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि पंजाब भर के अग्रवाल बंधु सभा के साथ जुड़कर समाज सेवा में भागीदार बन सकें।
जिला डायरेक्टर डॉ. सीमांत गर्ग ने कहा कि अग्रवाल सभा केवल बिरादरी को संगठित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बेटियों की शिक्षा, शादी-विवाह में सहयोग तथा सामाजिक उत्थान के विभिन्न कार्यों में भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रही है। सभा का मुख्य उद्देश्य अग्रवाल समाज को एक मंच पर लाकर उसे और अधिक सशक्त, संगठित एवं सेवा भावी बनाना है।
इस नियुक्ति से मोगा सहित पंजाब भर के अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है और सभी ने आशा व्यक्त की कि नवीन सिंगला के नेतृत्व में अग्रवाल सभा पंजाब निश्चित रूप से नई बुलंदियों को छुएगी।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105


