बुलढाणा में ATS की बड़ी सफलता, अवैध हथियार तस्करी के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
बुलढाणा। बुलढाणा जिले में आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी दो अलग-अलग मामलों में हुई है, जिसमें हथियार तस्करों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
एटीएस टीम ने नाशिक की ओर जा रहे दो फरार आरोपियों को रास्ते में ही पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाशिक की ओर जा रहे इन दोनों आरोपियों को नाशिक एटीएस टीम ने रोककर हिरासत में लिया। इससे पहले भी इस मामले में एक आरोपी पहले से गिरफ्तार था, जिसकी जानकारी जांच के दौरान मिली। इस प्रकार कुल तीन आरोपियों को अवैध हथियार तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
चिखली तहसील के रायपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पिंपरी कोली गांव में एटीएस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि अवैध हथियार बेचने वाला एक व्यक्ति गांव में है। मध्यरात्रि के लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच एटीएस ने जाल बिछाकर शुभम पवार (22 वर्ष, निवासी वर्धा) को रंगे हाथ पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, और 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल एक फोर व्हीलर गाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है। शुभम पवार हथियारों की बिक्री के लिए लाया था। इस मामले में रायपुर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
एटीएस और स्थानीय पुलिस ने मिलकर संयुक्त रूप से कार्रवाई की। प्रारंभिक पूछताछ में शुभम पवार ने हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य सदस्यों का उल्लेख किया है, जिसकी पड़ताल के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। सुरक्षा एजेंसाओं को आशंका है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी हथियारों की तस्करी में संलिप्त हो सकते हैं।
बुलढाणा में आतंकवाद विरोधी दस्ते की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय लोगों को सुरक्षा की भावना बढ़ी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की गहन जांच जारी है। यदि जांच में अन्य राज्यों या जिलों से जुड़े आरोपी सामने आते हैं, तो कार्रवाई के दायरे को और बढ़ाया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई से अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाई जा सकेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी।
