वैभव सूर्यवंशी के बल्ले में जरूर कोई न कोई एआई चिप इंस्टाल है: नौमान नियाज

आईपीएल 2026 में 15 साल के लड़के वैभव सूर्यवंशी ने धमाल मचाया हुआ है। पिछले सीजन की तरह इस सीजन भी वैभव एक शतक लगा चुके हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंद में पांच चौके और 12 छक्के की मदद से 103 रन की पारी खेली। इस बल्लेबाज का हर कोई फैन बन चुका है और खुद विश्वकप विजेता कप्तान पैट कमिंस भी उनकी तारीफ कर चुके हैं। अब वैभव को लेकर पाकिस्तान से भी प्रतिक्रिया आई है। क्रिकेट पंडित नौमान नियाज ने कहा है कि इस 15 वर्षीय बल्लेबाज की किसी लैब में जांच करानी चाहिए।
शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव
वैभव इस सीजन अब तक आठ पारियों में 44.62 की औसत और 234.87 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बना चुके हैं। इनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वह फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में संयुक्त रूप से केएल राहुल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर 380 रन के साथ अभिषेक शर्मा हैं। वैभव की बल्लेबाजी इतनी दमदार और प्रभावशाली रही है कि लोग कह रहे हैं कि उनकी बल्लेबाजी किसी वीडियो गेम की तरह है, गेंद आई और छक्के के लिए गई। यूट्यूब पर एक शो के दौरान क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि राजस्थान रॉयल्स के इस ओपनिंग बैटर के बल्ले में कोई एआई चिप इंस्टाल है और इसी वजह से वह इतनी आसानी से छक्के लगा पा रहे हैं। इस वीडियो को एक सोशल मीडिया यूजर ने ट्विटर पर शेयर किया है।
वैभव को लेकर क्या बोले नियाज?
नियाज वीडियो में कहते हैं, ‘क्या लड़का है! जैसे वाडा डोपिंग को लेकर जांच करता है, वैभव को भी किसी लैब में भेजना चाहिए। उनके बल्ले में जरूर कोई न कोई एआई चिप इंस्टाल है। यार, वह तो बिल्कुल ही कमाल का है। मुझे उनसे काफी उम्मीदें हैं। क्या खिलाड़ी हैं वैभव सूर्यवंशी।’ नियाज ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘मुझे लगता है उसने थोड़ा धीमा खेला (SRH के खिलाफ)। उसका स्ट्राइक रेट 300 होना चाहिए था।’
वैभव के भविष्य पर बोले नियाज
नियाज ने वैभव के भविष्य को लेकर समझाते हुए कहा, ‘ठीक है, मेडिकल तौर पर देखें तो 18 साल की उम्र में शरीर पूरी तरह विकसित होना शुरू करता है। इस उम्र में कंधे शेप लेते हैं, मसल्स बनते हैं…ट्राइसेप्स, बाइसेप्स और कोर स्ट्रेंथ मजबूत होती है क्योंकि यह पीक ग्रोथ और हार्मोन, खासकर टेस्टोस्टेरोन का समय होता है।’ नियाज़ ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में सूर्यवंशी की ताकत और खेल और भी निखर सकता है।
वैभव की तकनीक बनाती है खास 
पाकिस्तानी क्रिकेट विशेषज्ञ ने वैभव सूर्यवंशी की उन खास खूबियों पर भी बात की, जो उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती हैं। उन्होंने कहा, ‘वह सिर्फ 15 साल का है। जब वह पैदा हुआ था, उससे पहले विराट कोहली वर्ल्ड चैंपियन बन चुके थे। वैभव में क्या खास है? मैंने समझने की कोशिश की कि आखिर यह अंतर क्यों है। ठीक है, वैभव के पास भले ही बहुत ज्यादा तकनीक नहीं है, लेकिन जितनी है उतनी काफी है। वैभव की ताकत नहीं, बल्कि उनकी तकनीक ही उन्हें इतना खास बनाती है।’ नियाज ने आगे बताया कि उनकी कलाई का इस्तेमाल और शॉट का आर्क उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *