22.7 C
New York
Tuesday, Jun 16, 2026
The Beats
Image default
Uncategorized

आंखों के सामने घट रही घटना पर मुंह नहीं खोल सकते वे कैसे देश की रक्षा करेंगे


कथाकार दीर्घ नारायन की कथा में दिखी नये भारत के लोगों के मौन की वेदना
किस्सा कहानी-7
सत्येन ओझा.द बीट्स न्यूज,आगरा
जो लोग अपनी आंखों के सामने बहन बेटियों के साथ अत्याचार, अन्याय होते देखते रहते हैं, उनकी रक्षा करना तो दूर, मुंह तक नहीं खोलते हैं, वे लोग कैसे व किस नैतिक बल पर देश दुनिया की सुरक्षा का दावा करते हैं।
मेरे नजरिये से, वर्तमान भारत में बाहुबली व धनी आदमी हर जगह हावी होते जा रहे हैं, ऐसे में भारत के संविधान की प्रस्तावना कुछ ऐसा पढ़ा जाना चाहिए…हम भारत (न्यू) के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण धनराज और यमराज वाला गणराज्य बनाने के लिए संकल्पित करते हैं!”
यह अंश है वरिष्ठ हिंदी कथाकार दीर्घ नारायन की कहानी ‘भारत (न्यू) लोग’ का। पूर्णिया (बिहार) के वरिष्ठ कथाकार श्री नारायण आज यहां ‘क़िस्सा कहानी-7’ में उद्घाटनकर्ता के रूप में अपनी कहानी का पाठ कर रहे थे। ‘नागरी प्रचारिणी सभा’ के लाइब्रेरी हॉल में होने वाले उक्त कार्यक्रम की प्रस्तुति सांस्कृतिक संस्था ‘रंगलीला’ और कहानी की पत्रिका ‘कथादेश’ (नयी दिल्ली) ने की। एसिड हमलों की शिकार महिलाओं का संगठन ‘शीरोज़’ इसका आयोजक था।
‘नागरी प्रचारिणी सभा’ के आतिथ्य में आयोजित उक्त कार्यक्रम में मुख्य वक्ता वरिष्ठ रंगकर्मी और लेखिका प्रो. ज्योत्स्ना रघुवंशी ने कहा, “यह कहानी और रिपोर्ताज का मिला-जुला सामाजिक यथार्थ है। जो चौंकाता नहीं, जड़ कर देता है। हमारी सारी चेतना को निस्तेज करता है। ये समाज की कड़वी सच्चाई है, मैं इस कहानी को पढ़ने के बाद कई दिन परेशान सी रही, दोबारा पढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।”
मुख्य अतिथि लेखक और चिकित्सक डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने कहा निर्भया केस हमारे अंतर्मन झकझोर देता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कैसे जघन्य अपराधी बच जाते हैं। ‘कथादेश’, नई दिल्ली के संपादक हरिनरायन की गरिमामय उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथि अरुण डंग ने विश्व समाज के बदलते हालातों पर चिंता जताते हुए लोगों से संवेदनशील होने की अपील भी की। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ कथाकार शक्ति प्रकाश ने किया। उन्होंने विचार व्यक्त करते हुए कहा कहानी को पढ़ने के बाद कुछ कमी भी महसूस हुई हैं। लेखक ने इस कहानी में एक किशोरी को महज प्रतीक बना दिया है, उसे जीवित पात्र नहीं बनाया। अध्यक्षता वरिष्ठ रचनाकार रमेश पंडित ने करते हुए कहा रक्षा संपदा जैसे महत्वपूर्ण विभाग में अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए करीब 70 कहानी लिखीं, जिनमें से काफी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। शुरू में विषय प्रवर्तन रंगलीला के निर्देशक अनिल शुक्ल ने किया।
मंच संचालन उर्दू लेखिका और कथाकार प्रो० नसरीन बेगम ने किया। अतिथियों का स्वागत अर्जुन सवेदिया, डॉ. महेश धाकड़ राम भरत उपाध्याय, शंकर देव तिवारी और अर्निका माहेश्वरी ने किया। कहानी पाठ समाप्ति पर श्रोताओं/दर्शकों ने कहानी पर प्रतिक्रिया देते हुए जिज्ञासापूर्ण सवालात पूछे। रामनाथ, डॉ. पीएस कुशवाह, डॉ. सुरेंद्र सिंह ने विचार रखे। प्रो. सुषमा सिंह, प्रो. आभा चतुर्वेदी, शलभ भारती, भावना रघुवंशी, रुनू दत्ता, राम शर्मा, दिलीप रघुवंशी, प्रो.कमलेश नागर, सुनीत कुलश्रेष्ठ आलोक, डॉ.कुमकुम श्रीवास्तव, सुनयन शर्मा, ओम ठाकुर, डॉ.राजीव शर्मा निस्पृह, अमरजीत सिंह, शिव नारायण सिंह, रोमी चौहान, शुभम जाखड़, रंजीत गुप्ता, नरेश तन्हा, कामेश मिश्र सनसनी, अभिषेक माहेश्वरी आदि थे।

आगरा कहानी की दृष्टि से साहित्यिक ऊर्जा का केंद्र रहा

रंगलीला संस्था के निर्देशक वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी अनिल शुक्ल ने शुरुआत में कार्यक्रम की विस्तार से रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा, उन्नीसवीं सदी और बीसवीं सदी के पूर्वार्ध का आगरा हिंदी कहानी की दृष्टि से गहन साहित्यिक ऊर्जा का केंद्र रहा है। इस दौरान यहां लल्लू लाल जी, अमृतलाल नागर, रांगेय राघव, राजेंद्र यादव, रावी, घनश्याम अस्थाना और विभांशु दिव्याल जैसे बहुचर्चित कथाकार जन्मे हैं, बीती सदी के उत्तरार्दद्ध में आते-आते कहानी की यह धरा सूख सी गयी। ‘क़िस्सा कहानी’ हिंदी और उर्दू सहित अन्य भारतीय भाषाओं में रची जा रही समकालीन कहानियों के प्रचार-प्रसार की दृष्टि से डिज़ाइन किया गया बेहतरीन कार्यक्रम है, जिसका उ‌द्देश्य सूखी नदी को एक बार फिर से लालमगन करना है। इसमें समय-समय पर हिंदी व अन्य भाषाओं के नामचीन कहानीकार आगरा आते हैं और अपनी कहानियों का मंच पाठ करते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम में समीक्षक/आलोचक द्वारा कहानी की दशा पर वक्तव्य होता है।

द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Related posts

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में गुरु नानक प्रकाश पर्व मनाया गया

The Beats

देशव्यापी सेवा पखवाड़े के तहत भाजपा के कैंपों में मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

The Beats

मक्खन बराड़ की अगुवाई में विभिन्न पार्टियों के अनेक परिवार शिअद पुनर सुरजीत में शामिल

The Beats

Leave a Comment