बचपन में लालटेन की रोशनी में पढ़ने वाले कपानी लाइट के दुनिया को नये मायने दे गए

डॉ. कपानी के नाम पर मोगा में स्थापित की जाएगी लाइब्रेरी:डीसी

फाइबर ऑप्टिक्स के जनक के 100वें जन्मदिन पर जन्मभूमि ने किया नमन
जिला प्रशासन के कार्यक्रम में कपानी के बेटे राज सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग से की शिरकत
सत्येन ओझा (द बीट्स न्यूज)
मोगा। बचपन में लालटेन की रोशनी में पढ़कर लाइट को बैंड कर पूरी दुनिया को इंटरनेट व तकनीक से रोशन करने वाले फाइबर ऑप्टिक्स के जनक डॉ.नरेन्द्र कपानी का उनके 100 वें जन्मदिन पर जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में नाम लिया तो कपानी अपनी ही जन्मभूमि में फिर से जीवंत हो उठे। जिला प्रशासन की ओर से सेक्रेट हार्ट स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में 40 से ज्यादा स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।बच्चों द्वारा तैयार महिला के रूप में रोबोट ने डीसी सागर सेतिया का स्वागत किया। प्रदर्शनी 31 अक्टूबर को भी खुली रहेगी।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर भी बच्चों की प्रतिभा से गदगद थे, उन्होंने आप्टिक फाइबर केबल के जनक के नाम पर मोगा में अल्ट्रा मॉडर्न लाइब्रेरी खोलने की घोषणा की।
प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि नरेंद्र सिंह कपानी ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और खोजों के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया में मोगा का नाम रोशन किया है। उनकी जीवन यात्रा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान वैज्ञानिकों को याद करने का वास्तविक उद्देश्य युवाओं में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना है।
डिप्टी कमिश्नर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रत्येक बात को तर्क की कसौटी पर परखें, सवाल पूछें और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें। वैज्ञानिक सोच ही नए विचारों और आविष्कारों का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विज्ञान से जुड़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
सेतिया ने यह भी कहा कि डॉ. कपानी न केवल मोगा, बल्कि पंजाब और पूरे देश का गौरव हैं। उनकी स्मृति में मोगा में जल्द ही एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, ताकि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सके।
इस अवसर पर नरेंद्र सिंह कपानी के पुत्र राज सिंह कपानी ने अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में शिरकत की। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा अपने पिता की 100वीं जयंती को समर्पित विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने और युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समारोह के दौरान नरेंद्र सिंह कपानी के जीवन, उनकी खोजों और विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। उल्लेखनीय है कि उन्हें वर्ष 2021 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
इस मौके पर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों प्रो. एम. एल. सिंह और अतुल खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को प्रदर्शनी के दौरान दिए गए योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
समारोह के दौरान गांव घोलिया खुर्द की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए छोटे रोबोट विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इन रोबोटों को प्रमुख हस्तियों को भेंट किया गया।
इसके अतिरिक्त, स्वागत द्वार पर महिला के रूप में तैयार रोबोट ने समारोह में पहुंचने वाले अतिथियों का स्वागत किया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने कहा कि जिला प्रशासन का यह प्रयास नरेंद्र सिंह कपानी की वैज्ञानिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और मोगा को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर एडीसी  (जनरल) आईएएस जसपिंदर सिंह, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) मोगा हर्षिता शर्मा, एसडीएम सतविंदर पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
कैसा था कपानी का बचपन
अपने नानके घर में जन्मे कपानी की प्राईमरी शिक्षा मोगा के देव समाज सीनियर सैकेंडरी स्कूल में हुई थी। डॉ.कपानी के नानके परिवार के डायबिटीज चिकित्सा में विशेष पहचान बनाने वाले डॉ.अमतपाल सिंह सोढ़ी की मां सुरजीत सोढ़ी ने बताया कि बचपन में कपानी लालटेन की रोशनी में पढ़ते थे। बाद में मोगा में बिजली का पहला खंभा उनकी हवेली के बाहर लगा तो वे अपने दो कजन के साथ उसकी बिजली के खंभे के नीचे बल्ब की रोशनी में रात को पढ़ते थे। बिजली की उस लाइट
 ने  उनके जीवन को ऐसा रोशनी किया कि वे रोशनी का नया अर्थ दुनिया को दे गए। बाद की शिक्षा उनकी देहरादून व आगरा में हुई वहां से वे इंग्लेंड गए जहां उन्होंने आप्टिक फाइबर की खोज शुरू की, लेकिन उनकी खोज जमीन पर अमेरिका में आई।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *