21.4 C
New York
Wednesday, Jun 10, 2026
The Beats
Image default
Uncategorized

भाजपा के संकल्प पत्र में मोगा को शुद्ध पानी, विरासत बाजार, हाट बाजार का वादा


-खिलाड़ियों के लिए मोगा क्रिकेट प्रीमीयर लीग निगम की ओर से शुरू करने का संकल्प
-वर्तमान निगम के कथित भ्रष्टाचार पर भाजपा ने आरोप पत्र भी किया जारी, लगाए गंभीर आरोप
द बीट्स न्यूज
मोगा। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को पार्टी के जिला कार्यालय में नगर निगम चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर जालंधर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव कृष्ण देव भंडारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभी तक किसी अन्य पार्टी ने निगम चुनाव को लेकर किसी प्रकार का घोषणा पत्र जारी नहीं किया है।
भाजपा ने केवल संकल्प पत्र ही जारी नहीं किया, बल्कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल को लेकर एक “आरोप पत्र” भी जनता के सामने रखा। आरोप पत्र में विस्तार से यह आंकड़े प्रस्तुत किए गए कि केंद्र सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में 67 करोड़ से ज्यादा की ग्रांट मोगा नगर निगम को विभिन्न मदों में दी गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भारी-भरकम ग्रांट मिलने के बावजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकाल के अंत तक शहर को विकास नहीं, बल्कि जगह-जगह कचरे के ढेर और बदहाल व्यवस्था मिली है।
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में मोगा की जनता से कई बड़े वादे किए। पार्टी ने कहा कि यदि नगर निगम में भाजपा का मेयर बनता है तो शहर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए वाटर फिल्टर लगाए जाएंगे और सीवरेज व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार मोगा स्तर पर क्रिकेट प्रीमियर लीग शुरू करने की घोषणा भी की गई।
संकल्प पत्र में यह भी कहा गया कि मोगा के पारंपरिक बाजारों को “विरासत बाजार” के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही शिल्पकारों, जूती बाजार से जुड़े कारीगरों और मिट्टी के काम करने वाले दस्तकारों को प्रोत्साहित कर उनकी कला को रोजगार का माध्यम बनाया जाएगा, ताकि युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।
भाजपा नगर निगम चुनाव के जिला प्रभारी कृष्ण देव भंडारी ने कहा कि भाजपा जहां भी इस प्रकार के संकल्प पत्र जारी करती है, वहां पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिलता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा केवल वादे नहीं करती, बल्कि अपने संकल्पों को पूरा भी करती है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने कृष्ण देव भंडारी का स्वागत करते हुए मोगा की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भाजपा का है और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लोगों से नगर निगम चुनाव में सोच-समझकर मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर निगम चुनाव कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. सीमांत गर्ग, विनय शर्मा, निधड़क सिंह बराड़ तथा जिला उपाध्यक्ष देव प्रिय त्यागी भी उपस्थित रहे।

द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Related posts

मेयर पद के चुनाव 31 से पहले कराने का हाईकोर्ट ने दिया आदेश

The Beats

राज्यपाल ने तरुण भंडारी से पंजाब में 500 सीपीआर कैंप लगाने का लिया वादा

The Beats

पंजाब भर में शिवसेना का त्रिशूल मार्च 28 दिसंबर से

The Beats

Leave a Comment