# यूपी मेट्रो में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, ईमानदारी और पारदर्शिता का दिया संदेश

भ्रष्टाचार निवारण कानून एवं अभियोजन पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
पोस्टर, निबंध, स्लोगन व भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को दिया सम्मान
द बीट्स न्यूज
*आगरा।* उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) द्वारा 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इसके तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के साथ ही कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
सप्ताह के पहले दिन ‘भ्रष्टाचार निवारण कानून एवं अभियोजन’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), लखनऊ की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के वरिष्ठ लोक अभियोजक डॉ. लाल चंद पाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में आगरा और कानपुर मेट्रो परियोजनाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
व्याख्यान के दौरान डॉ. पाल ने भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और अभियोजन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक एवं आधिकारिक दायित्वों का निर्वहन करते समय नैतिक मूल्यों, निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना बेहद आवश्यक है। पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दूसरे दिन भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी मिस नेहा लाल ने ‘सत्यनिष्ठा एवं एथिक्स’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कार्यस्थल पर नैतिक आचरण, व्यक्तिगत ईमानदारी और संस्थागत जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
*प्रतियोगिताओं के विजेताओं को एमडी ने किया सम्मानित*
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आगरा, कानपुर और लखनऊ मेट्रो परियोजनाओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, स्लोगन राइटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति, ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिताओं का समापन लखनऊ स्थित प्रशासनिक भवन में हुआ। इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों को सम्मानित किया।
यूपीएमआरसी का यह आयोजन केवल एक सप्ताह तक चलने वाली जागरूकता गतिविधि नहीं, बल्कि संगठन में ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करने का प्रयास है, जहां ईमानदारी, नैतिकता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता हों। इसके माध्यम से कर्मचारियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि भ्रष्टाचार की रोकथाम और सुशासन सुनिश्चित करना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है।
——
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105, 6398975624

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *