
देशभक्ति के संदेश के साथ शहर में लहरायेगा तिरंगा
द बीट्स न्यूज
मोगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ओर से 14 अगस्त को मोगा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, देश की एकता-अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना तथा हर घर में तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।
भाजपा की तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को शाम 3 बजे जिलाध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल की अगुवाई में निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ दुन्नेके स्थित भाजपा जिला कार्यालय से होगा। इसके बाद यात्रा जोगिंदर सिंह चौक, कोर्ट रोड, मेन बाजार, देव होटल, आर्य स्कूल रोड, 9 न्यू टाउन, प्रताप रोड और चेंबर रोड से होते हुए भारत माता मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा को भव्य और प्रभावशाली बनाने के लिए भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा नेताओं के अनुसार, तिरंगा केवल देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रहित में एकजुट होने, अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश भी दिया जाएगा। पार्टी ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम की इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
