
बॉबी महंत के निर्देशन में हुए भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु
विधायक डॉ.अमनदीप कौर अरोड़ा मुख्यअतिथि के रूप में पहुंची समारोह में
द बीट्स न्यूज
मोगा। कोटकपूरा बाईपास रोड स्थित कबीर नगर में बॉबी महंत के शेरावाली मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मेयर विनय पाल कौर, पंजाब ब्राह्मण आयोग के पूर्व सदस्य रवि पंडित सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकी एवं विशेष पूजा-अर्चना ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ, मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।
बॉबी महंत एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान कबीर नगर क्षेत्र भक्ति और कृष्णमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
