
फिरोजपुर की राजनीति पर चंडीगढ़ में हुई चर्चा
द बीट्स न्यूज, फिरोजपुर।
फिरोजपुर से पहुंचे भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में स्वागत किया तथा उनसे फिरोजपुर जिले की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। नेताओं ने विश्वास जताया कि केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा पंजाब में और अधिक मजबूत होगी तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को बड़ा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर फिरोजपुर से अश्वनी कुमार ढींगरा एडवोकेट, सह-संयोजक भाजपा लीगल सेल पंजाब, पूर्व जिला अध्यक्ष शमशेर सिंह कक्कड़, दविंदर सिंह जंग, जिला उपाध्यक्ष विजय कैथ तथा तलवंडी भाई के दो वार्डों से विजयी पार्षद पूनम रानी सहित अन्य नेताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि केवल सिंह ढिल्लों का राजनीतिक अनुभव, मालवा क्षेत्र में मजबूत पकड़ तथा समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी स्वीकार्यता पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में भाजपा पंजाब में अपने जनाधार का विस्तार करेगी और मिशन 2027 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब प्रभारी नरेंद्र रैना, मनोरंजन कालिया, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, परनीत कौर, विजय सांपला, अविनाश राय खन्ना, जंगी लाल महाजन सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में केवल सिंह ढिल्लों ने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच भाजपा की नीतियों को पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से पंजाब में भाजपा को और सशक्त बनाया जाएगा तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
मो.: 70875-70105


