
-ग्रूव-ए-पलूजा ने दिया युवाओं को गोवा, थाईलैंड और लास वेगास जैसा अनुभव
-संगीत, पूल, कृत्रिम बादलों और फायर एक्टिविटी के बीच झूमी नई पीढ़ी
सत्येन ओझा
द बीट्स न्यूज, मोगा
मोगा। तकनीक और नए क्रिएशन की दुनिया में पली-बढ़ी मोगा की नई पीढ़ी अब सिर्फ मनोरंजन के पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं रहना चाहती। उसका जीवन जीने का अंदाज बदल रहा है और इसी बदलते मिजाज की झलक अब मोगा में भी दिखाई देने लगी है। लुधियाना रोड स्थित ब्ल्यू आइस वॉटर पार्क में आयोजित इंटरनेशनल थीम वाली ‘ग्रूव-ए-पलूजा’ पूल पार्टी ने शहर को मनोरंजन के एक ऐसे नए अनुभव से रूबरू कराया, जिसमें मोगा में ही गोवा, थाईलैंड और लास वेगास जैसी आधुनिक पार्टी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
हर दौर का अपना मिजाज और अपनी सोच रही है। लेकिन आज की युवा पीढ़ी तकनीक के उस दौर में जी रही है, जहां दुनिया की सीमाएं उसके लिए छोटी होती जा रही हैं। सोशल मीडिया और वैश्विक संस्कृति ने उसके सपनों, पसंद और जीवनशैली को भी नया आयाम दिया है। यही वजह है कि युवा अब मनोरंजन में भी कुछ ऐसा तलाशते हैं, जो उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी से अलग एक नया अनुभव दे सके।
इसी बदलती सोच को समझते हुए व्यवसायी एवं पार्षद गौरव गुड्डू के युवा बेटे आयुष ने मोगा में ही ऐसा अनुभव देने की पहल की, जिसके लिए युवा अक्सर गोवा, थाईलैंड और लास वेगास जैसे दुनिया के चर्चित डेस्टिनेशन की ओर रुख करते हैं। ‘ग्रूव-ए-पलूजा’ इसी सोच का परिणाम रही—एक ऐसा आयोजन, जहां मनोरंजन सिर्फ देखने की चीज नहीं, बल्कि महसूस करने का अनुभव बन गया।
पार्टी स्थल पर पहुंचते ही माहौल ने जैसे शहर की तस्वीर ही बदल दी। बीच जैसा वातावरण, पानी की लहरों के बीच मस्ती, जमीन पर बादलों जैसा कृत्रिम अहसास और रोशनी के साथ गूंजता संगीत—इन सबने युवाओं को कुछ घंटों के लिए मोगा से बाहर किसी इंटरनेशनल पार्टी डेस्टिनेशन का अहसास करा दिया।
कृत्रिम बादलों के बीच थिरकते युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। पूल में उतरने के बाद मस्ती का सिलसिला देर तक चलता रहा। किसी ने संगीत की धुन पर डांस किया तो कोई पानी में दोस्तों के साथ पल को यादगार बनाने में व्यस्त रहा। खास बात यह रही कि इस आयोजन में सिर्फ युवा ही नहीं, बल्कि अलग-अलग आयु वर्ग के लोग भी मनोरंजन के इस नए अंदाज का हिस्सा बने।
महिलाएं हों, पुरुष हों या बच्चे—हर कोई खुले लेकिन सुरक्षित माहौल में अपनी पसंद के अंदाज में इस अनुभव का आनंद लेता दिखाई दिया। यहां किसी पर किसी तरह की बंदिश नहीं थी; हर व्यक्ति अपने तरीके से इस पल को जी रहा था।
संगीत, डांस और आकर्षक लाइटिंग के साथ फायर एक्टिविटी ने आयोजन में रोमांच का एक और रंग भर दिया। मंच और पूल के आसपास का माहौल लगातार ऊर्जा से भरता रहा। शहर की कई नामी हस्तियां भी इस आयोजन की साक्षी बनीं और उन्होंने मनोरंजन के इस बदलते स्वरूप को करीब से महसूस किया।
दरअसल, ‘ग्रूव-ए-पलूजा’ सिर्फ एक पूल पार्टी नहीं रही, बल्कि यह मोगा की बदलती जीवनशैली और नई पीढ़ी की बदलती पसंद की एक तस्वीर भी बनकर सामने आई। यह आयोजन इस बात का संकेत देता है कि अब छोटे शहरों के युवा भी वैश्विक अनुभवों और आधुनिक मनोरंजन संस्कृति को अपने शहर में ही महसूस करना चाहते हैं।
मोगा की नई पीढ़ी अब सिर्फ दुनिया को सोशल मीडिया की स्क्रीन पर देखना नहीं चाहती, वह उस दुनिया के अनुभव को अपने शहर में जीना चाहती है—और ब्ल्यू आइस वाटर पार्क में हुई यह पार्टी उसी बदलती सोच की एक जीवंत झलक बन गई।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
