रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी पहल
अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट व फिरोजपुर कैंट पर पानी की नियमित जांच
टैंक व आरओ सिस्टम की सफाई पर विशेष जोर
सत्येन ओझा (द बीट्स न्यूज)फिरोजपुर। रेल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट और फिरोजपुर कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर स्थित जल भंडारण टैंकों और फिल्ट्रेशन टैंकों की निर्धारित समय पर सफाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही टैंकों पर उचित ढक्कन और सुरक्षित वेंट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाहरी प्रदूषण पानी में प्रवेश न कर सके।
इसके अलावा पाइपलाइन, नलों और वाल्वों की नियमित जांच की जा रही है। कहीं रिसाव या खराबी मिलने पर तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार संबंधित उपकरणों को बदला जा रहा है।
स्टेशन परिसर में लगे वाटर कूलर और वॉटर वेंडिंग मशीनों के आरओ प्लांट की भी नियमित सर्विसिंग की जा रही है। इनमें लगे फिल्टर और कार्ट्रिज को जरूरत के अनुसार बदला जा रहा है। जल वितरण केंद्रों और वाटर कूलरों के आसपास साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
फिरोजपुर मंडल के चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग विभाग की टीमें समय-समय पर पानी के नमूनों और गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार पानी में क्लोरीनीकरण के स्तर की भी नियमित निगरानी की जा रही है।
रेलवे मंडल का कहना है कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी और आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
