
साइकोलॉजिस्ट स्पेशल स्कूल पहुंचे भाजपा नेता
बच्चों व शिक्षकों से किया संवाद; चार को किया पार्टी में शामिल
द बीट्स न्यूज | मोगा।
पंजाब में नशे और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताओं के बीच भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के मुद्दों पर अपनी बात रखनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा नेता एडवोकेट रमेश ग्रोवर ने मोगा के अमृतसर रोड स्थित सचिन कुमार के साइकोलॉजिस्ट स्पेशल स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे विशेष बच्चों और अध्यापकों के साथ समय बिताया तथा उनकी जरूरतों, समस्याओं और शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से बातचीत की।
स्कूल में बच्चों और शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए एडवोकेट रमेश ग्रोवर ने कहा कि किसी भी समाज की असली तरक्की तभी संभव है, जब समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़े। विशेष बच्चों को बेहतर शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध करवाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर बच्चे को उसकी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से अवगत करवाते हुए कहा कि पंजाब आज नशे के साथ-साथ बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। अपराध और असुरक्षा के माहौल ने आम लोगों की चिंता बढ़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपराधियों पर नियंत्रण रखने में विफल साबित हो रही है।
एडवोकेट रमेश ग्रोवर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा। लोगों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने, स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याण की नीतियों को पहुंचाना है।
भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर थामा पार्टी का दामन
एडवोकेट रमेश ग्रोवर की विचारधारा और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर इस अवसर पर कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। सचिन कुमार (मोगा), अर्शदीप सिंह (मेहणा), लवप्रीत सिंह (लंडेके) और गगनदीप सिंह (डाला) को सिरोपा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया।
एडवोकेट रमेश ग्रोवर ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस मौके पर हितेश गुप्ता और अनुज शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
