दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज पर वंदे भारत 100 किमी की रफ्तार से दौड़ी

गांधी जयंती के मौके पर उत्तर रेलवे ने एक और इतिहास रचा
कटरा-बनिहाल रेल मार्ग पर अब 100 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेन
सत्येन ओझा (द बीट्स न्यूज)
जम्मू। गांधी जयंती के मौके पर उत्तर रेलवे ने एक और इतिहास रच दिया। कटरा-बनिहाल रेल मार्ग पर 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वंदे भारत ने चेनाब और अंजी पुल को 100 किमी/घंटा की गति से पार कर बनाया नया रिकॉर्ड बनाया। अब इस रूट पर रेलगाड़ियां 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
जम्मू-कश्मीर के रेल संपर्क के लिए गांधी जयंती का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल तक 111 किलोमीटर लंबे रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है।
गति बढ़ाने के निर्णय के बाद गांधी जयंती के मौके पर दो अक्टूबर को इसका सफल परीक्षण भी किया गया। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26401/26404) ने 100 किमी/घंटा की रफ्तार से दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी रेलवे ब्रिज को पार किया।
रेलवे के इस महत्वपूर्ण कदम से उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना पर ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों के यात्रा समय में कमी, संचालन में बेहतर गति तथा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित रेल यात्रा का रास्ता साफ होगा।
चिनाब और अंजी जैसे देश के महत्वपूर्ण रेल पुलों पर 100 किमी/घंटा की गति से वंदे भारत का सफल परीक्षण जम्मू-कश्मीर के आधुनिक रेल नेटवर्क की क्षमता और भारतीय रेलवे की तकनीकी उपलब्धियों को भी रेखांकित करता है। यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर में तेज, आधुनिक और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
———–
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *