आखिरी सेट तक चला रोमांच, वाणिज्य विभाग ने जीता पहला अंतर-विभागीय वॉलीबॉल टूर्नामें
द बीट्स न्यूज
फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में पहली बार आयोजित अंतर-विभागीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और कड़े संघर्ष से भरपूर रहा। पांच सेट तक चले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में वाणिज्य विभाग की टीम ने इलेक्ट्रिक शेड की टीम को 3-2 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हर सेट में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और मुकाबला आखिरी क्षण तक रोमांचक बना रहा। आखिरकार वाणिज्य विभाग ने निर्णायक सेट में दमदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।
विजेता टीम की कमान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/एफएस श्री परमदीप सिंह सैनी ने संभाली। टीम में सुनील बजाज, मोहिंदर रावत, देविंदर ग्रेवाल, रिदमप्रीत सिंह और महेंद्र सिंह शामिल रहे।
फाइनल मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने विजेता टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं रेलकर्मियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं।
यह टूर्नामेंट वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी राहुल देव के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पहली बार आयोजित होने के बावजूद प्रतियोगिता को रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों का शानदार समर्थन मिला और बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पांच सेट… कड़ा मुकाबला… और आखिरी सेट में बाजी—वाणिज्य विभाग ने रचा जीत का इतिहास।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105
