त्योहारों से पहले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

🚆 त्योहारों से पहले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत
 फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
सत्येन ओझा (द बीट्स न्यूज)
फिरोजपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रेल यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट–पूर्णिया कैंट–फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04634/04633 के संचालन से पंजाब से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
8 अक्टूबर से शुरू होगा संचालन
ट्रेन संख्या 04634 फिरोजपुर कैंट–पूर्णिया आरक्षित त्योहार स्पेशल 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से शाम 5:30 बजे रवाना होकर करीब 33 घंटे 30 मिनट बाद अगले दिन सुबह 3 बजे पूर्णिया पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04633 पूर्णिया–फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन पूर्णिया से सुबह 6 बजे रवाना होकर करीब 34 घंटे 35 मिनट बाद शाम 4:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।
किन यात्रियों को होगा सबसे ज्यादा फायदा
इस ट्रेन का लाभ खास तौर पर फिरोजपुर, मक्खू, लोहियां खास, नकोदर, फिल्लौर और लुधियाना क्षेत्र से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को मिल सकता है। ट्रेन पंजाब से निकलकर हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक पहुंचेगी।
रूट में चंडीगढ़, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नौगछिया और कटिहार जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
इस लिहाज से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों, विशेषकर गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया, कटिहार और पूर्णिया क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह ट्रेन उपयोगी अतिरिक्त विकल्प साबित हो सकती है।
ट्रेन में एसी, स्लीपर व जनरल श्रेणी की सुविधा
रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में 5 वातानुकूलित 3-टियर कोच, 6 स्लीपर कोच और 5 जनरल श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। यानी अलग-अलग श्रेणी के यात्रियों को यात्रा के लिए विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह अतिरिक्त ट्रेन पंजाब से बिहार तक के लंबे रेल रूट पर भीड़ और टिकटों की उपलब्धता के दबाव को कम करने में मदद कर सकती है।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *