सीबीआई जांच के मुद्दे पर भाजपा ने सीएम मान का प्रतीक पुतला फूंका 

-केन्द्र के आदेश पर नहीं, हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच शुरू हुई:डॉ.हरजोत
-भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर बोला हमला, कहा-जनता को गुमराह न करें
द बीट्स न्यूज
मोगा। पंजाब में कथित भ्रष्टाचार के मामले को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बुधवार को जिला कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री भगवंत मान का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.हरजोत कमल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी इस मामले में सीबीआई जांच को केंद्र और भाजपा की कार्रवाई बताकर जनता को गुमराह कर रही है। सीबीआई जांच भाजपा या केंद्र सरकार ने नहीं, बल्कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने उपलब्ध डाक्यूमेंट को देखते हुए सौंपी है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि ईडी ने पंजाब पुलिस को 24 जुलाई, 31 जुलाई और 7 अगस्त को पत्र लिखकर कथित तौर पर एफआईआर दर्ज करने और जांच करने के कहा था। भाजपा ने सवाल उठाया कि यदि आरोप निराधार थे, तो पंजाब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की जांच क्यों नहीं की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों और बातचीत के अभिलेखों से कथित तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों के संपर्कों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी ने कहा कि अधिकारियों और विधायकों की पदस्थापना एवं स्थानांतरण, मोहाली के औद्योगिक भूखंड तथा चावल मिलों से जुड़े सरकारी ठेकों में कथित लेन-देन जैसे मुद्दे अब न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बन चुके हैं।
भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार के उस तर्क को भी खारिज किया जिसमें कार्रवाई को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना था कि कथित अचल संपत्ति घोटाले से जुड़ा मामला वर्ष 2011 से पंजाब पुलिस के रिकार्ड में था और बाद में इसकी जानकारी ईडी तक पहुंची। भाजपा के मुताबिक, उच्च न्यायालय ने पंजाब सरकार को अपना पक्ष रखने के लिए कई अवसर दिए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद सीबीआई जांच का आदेश दिया गया।
भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार से सीधा सवाल करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोग और अन्य आरोपी पूरी तरह निर्दोष हैं, तो निष्पक्ष जांच का विरोध क्यों किया जा रहा है?
भाजपा ने मांग की कि सरकार अदालत की प्रक्रिया का सामना करे और जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करे, ताकि पूरे मामले की सच्चाई पंजाब की जनता के सामने आ सके।
द बीट्स न्यूज नेटवर्क
7087570105

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *